Chhattisgarh

रायगढ़ में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार; 1.80 लाख की दो चोरी की पल्सर बरामद

रायगढ़, 11 नवंबर। जिले में बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत घरघोड़ा पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो पल्सर मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। मामले में गिरोह का एक अन्य सदस्य फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को लैलूंगा रोड स्थित CISF कार्यालय के गेट के सामने से नीलम संजीव बेक की पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-04-LF-3373 चोरी हो गई थी। इस संबंध में 16 अक्टूबर को घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 312/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में घरघोड़ा पुलिस चोरी की बाइक और आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 10 नवंबर को पुलिस ने लैलूंगा मेन रोड स्थित शनि मंदिर के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा। उनकी पहचान सुकसागर राठिया (20 वर्ष), निवासी कोनपारा और देव पैंकरा (20 वर्ष), निवासी नेगीपारा, थाना घरघोड़ा के रूप में हुई।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर बाइक चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने शराब पीने और पार्टी करने के लिए पैसों का इंतजाम करने के उद्देश्य से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उन्होंने CISF कार्यालय के सामने से पल्सर चोरी करने के अलावा धरमजयगढ़ के ग्राम ओंगना से भी एक अन्य पल्सर मोटरसाइकिल चोरी की थी।

पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने चोरी की बाइक की नंबर प्लेट तोड़कर फेंक दी थी और इंजन नंबर को पत्थर से घिसकर मिटाने का प्रयास किया था। वहीं, सफेद-काली रंग की पल्सर के सफेद हिस्सों पर काला रंग पोतकर उसकी पहचान बदल दी थी। इसके बावजूद पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य मिटाने के प्रयास के संबंध में बीएनएस की धारा 238 एवं 3(5) भी जोड़ी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, फरार तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस को उससे पूछताछ में बाइक चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी मिलने की उम्मीद है।

इस कार्रवाई में TI निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत येरेवार, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक और आरक्षक उद्वो पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button