धमतरी में जुआ फड़ पर पुलिस की दबिश, चार जुआरी गिरफ्तार; 25,500 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश बरामद

धमतरी। जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ धमतरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने जुआ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम अधारी नवागांव क्षेत्र में जुआ फड़ पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से चार जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 25,500 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने ग्राम अधारी नवागांव में बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके पर जुआ खेल रहे चार लोगों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष साहू पिता तोरन साहू उम्र 32 वर्ष, अरमान मिर्जा पिता ईसाख मिर्जा उम्र 29 वर्ष, अनीश अहमद पिता हमीद अहमद उम्र 43 वर्ष और खेमचंद साहू पिता स्व. फूलचंद साहू उम्र 42 वर्ष के रूप में हुई है। सभी आरोपी अधारी नवागांव, थाना सिटी कोतवाली, जिला धमतरी के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से जुआ में दांव पर लगाई गई 25,500 रुपये की नकद राशि और 52 पत्ती ताश बरामद की। मामले में थाना सिटी कोतवाली धमतरी ने अपराध क्रमांक 200/26 दर्ज करते हुए धारा 3(2) जुआ एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू की है।
धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर नजर रखी जा रही है और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास जुआ-सट्टा या किसी अन्य अवैध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे मामलों में समय पर कार्रवाई की जा सके।




