Chhattisgarh

CG BREAKING : घोंघा नदी हादसा: तीन मासूमों की मौत, दूसरे दिन SDRF ने अनमोल का शव किया बरामद

तखतपुर। तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत समडील में घोंघा नदी में बहे तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। रविवार सुबह SDRF की टीम ने लगातार दूसरे दिन सर्च ऑपरेशन चलाकर 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल का शव भी बरामद कर लिया। इससे पहले शनिवार को एक अन्य बच्चे के शव की बरामदगी हुई थी। तीनों बच्चों के शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 6 बजे SDRF की टीम ने घोंघा नदी में दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। नदी के तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच टीम ने कई घंटे तक खोजबीन की। कड़ी मशक्कत के बाद अनमोल का शव नदी में कुछ दूरी पर पुल के नीचे से बरामद किया गया।

बताया गया कि तीनों बच्चे स्कूल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान घोंघा नदी के तेज बहाव की चपेट में आने से वे पानी में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, ग्रामीण और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और बच्चों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस टीम रातभर घटनास्थल पर मौजूद रही।

मृत बच्चों की पहचान अनमोल, पिता भुनेश्वर जायसवाल, कक्षा KG-2; स्तुति, पिता भुनेश्वर जायसवाल; तथा रिद्धी/शिक्षा, पिता विजय जायसवाल, कक्षा तीसरी के रूप में बताई गई है। हादसे में तीन मासूमों की जान जाने से समडील गांव में शोक की लहर है। जिस घर में बच्चों की चहक गूंजती थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

पुलिस द्वारा शवों की पंचनामा कार्रवाई की जा रही है तथा मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। हादसे ने तेज बहाव वाली नदी को पार करते समय बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता भी खड़ी कर दी है।

Related Articles

Back to top button