झपटमारी गैंग से चोरी का सोना खरीदने वाला सोनार गिरफ्तार, 67 ग्राम सोना जब्त

बिलासपुर। रतनपुर पुलिस ने बसों में महिलाओं से झपटमारी कर चोरी की गई सोने की चैन और मंगलसूत्र खरीदने के आरोप में कटघोरा निवासी एक सोनार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 67 ग्राम गलाया हुआ सोना जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान चोरी के सोने के खरीददार गौतम पिता राजेन्द्र कुमार दुबे (35), निवासी मोहलाईनभाठा, कटघोरा, जिला कोरबा का नाम सामने आया था। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश कर उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में गौतम दुबे ने झपटमारी कर चोरी किए गए करीब सात तोला सोने को खरीदकर गलाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 67 ग्राम गलाया हुआ सोना बरामद किया। आरोपी को 21 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय एवं प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह का विशेष योगदान रहा।




