Chhattisgarh

गेवरा में गोपाल यादव ने 95 समर्थकों के साथ कोयला मजदूर सभा की ली सदस्यता, संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद

कोरबा। गेवरा क्षेत्र में कोयला मजदूर सभा (एचएमएस) को उस समय बड़ी मजबूती मिली, जब श्रमिक एवं कांग्रेस नेता गोपाल यादव ने अपने करीब 95 साथियों के साथ संगठन में प्रवेश कर सदस्यता ग्रहण की। 19 अगस्त 2026 को आयोजित कार्यक्रम में कोरबा संभागीय प्रभारी केदारनाथ अग्रवाल की उपस्थिति में गोपाल यादव समेत उनके समर्थकों ने कोयला मजदूर सभा की सदस्यता ली।

बताया गया कि गोपाल यादव गेवरा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में प्रभाव रखने वाले श्रमिक नेता हैं। भू-विस्थापितों के मुद्दों को लेकर लंबे समय से किए गए संघर्ष के कारण उनकी क्षेत्र में अलग पहचान है। विशेष रूप से भू-विस्थापित कर्मचारियों और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। ऐसे में उनके संगठन में शामिल होने से कोयला मजदूर सभा को गेवरा क्षेत्र में मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

संगठन से जुड़े पदाधिकारियों के अनुसार गेवरा क्षेत्र में मजदूर संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की कवायद चल रही है। इसी क्रम में नाथू लाल पांडेय के नेतृत्व में नई टीम के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। चुने हुए श्रमिक नेतृत्व को कोयला मजदूर सभा में जिम्मेदारियां देने की तैयारी है, ताकि संगठन कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठा सके।

गोपाल यादव के साथ संगठन में शामिल होने वालों में विभिन्न श्रमिक संगठनों से जुड़े रहे सदस्य भी शामिल बताए गए हैं। इनमें नंदकिशोर, विजय राजवाड़े, दुबराज सिंह, गिरीश शुक्ला, ब्रिजेश पांडे, आकाश कुमार गुप्ता, नागेश्वर साहू, पीतांबर सिंह, छेदी लाल शिलाकर, श्याम दास, मदन सिंह कंवर, कृपाल सिंह कंवर, रवि शंकर बिजवाड़, सतेश्वर सिंह, प्रेमलाल जायसवाल, दिनेश जायसवाल, सुरेश सिंह, प्रमोद कुमार राठौर, ओम प्रकाश यादव, भीम केवट, चैतराम साहू, भारत साहू, बनवारी लाल देवांगन, लोकनाथ नाग, केके सिंह, भुवनेश्वर प्रसाद, रामकुमार राठौर, अमित कुमार, भानु सिंह, धनंजय साहू और संतोष कुमार यादव सहित करीब 95 लोग शामिल हुए।

कोयला मजदूर सभा के लिए आने वाला समय महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संगठन में सदस्यता सत्यापन की प्रक्रिया भी प्रस्तावित है। ऐसे में पुराने सदस्यों को संगठन के साथ बनाए रखने के साथ ही नए सदस्यों को जोड़ना एक बड़ी चुनौती होगी। संगठन से जुड़े लोगों का मानना है कि गोपाल यादव और उनके समर्थकों के जुड़ने से सदस्य संख्या बढ़ाने तथा गेवरा क्षेत्र में श्रमिकों को एकजुट करने में मदद मिलेगी।

गेवरा क्षेत्र कोल इंडिया के महत्वपूर्ण कोयला क्षेत्रों में शामिल है और यहां श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दे लगातार प्रमुखता से उठते रहे हैं। ऐसे में करीब 95 लोगों का एक साथ कोयला मजदूर सभा में शामिल होना स्थानीय श्रमिक राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में संगठन की नई टीम और पदाधिकारियों की घोषणा के बाद गेवरा क्षेत्र में श्रमिक गतिविधियों के और तेज होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button