Chhattisgarh

कोरबा में महर्षि चरक जयंती पर आयुर्वेदिक औषधीय पौधों का वितरण, निशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित

कोरबा, 18 अगस्त । कोरबा में श्रावण शुक्ल पंचमी यानी नागपंचमी के अवसर पर आयुर्वेदाचार्य महर्षि चरक की जयंती श्रद्धा और सेवा भावना के साथ मनाई गई। आयुष मेडिकल एसोसिएशन एवं लायंस क्लब एवरेस्ट के संयुक्त तत्वावधान में महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड स्थित पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय में निशुल्क आयुर्वेद एवं योग चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों को आंवला, गिलोय, नीम, तुलसी और एलोवेरा सहित विभिन्न आयुर्वेदिक औषधीय पौधों का निशुल्क वितरण किया गया। साथ ही इन पौधों का विभिन्न स्थानों पर रोपण भी किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने महर्षि चरक के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आयुर्वेद के ग्रंथ भावप्रकाश के अनुसार श्रावण शुक्ल पंचमी अर्थात नागपंचमी को आयुर्वेदाचार्य महर्षि चरक का जन्मदिवस माना जाता है। इसी परंपरा के अनुसार प्रतिवर्ष नागपंचमी के दिन महर्षि चरक जयंती मनाई जाती है।

उन्होंने कहा कि महर्षि चरक द्वारा रचित चरक संहिता केवल चिकित्सा शास्त्र नहीं, बल्कि जीवन का शास्त्र है। इसमें चिकित्सा के साथ स्वस्थ जीवन जीने के विभिन्न सिद्धांतों और उपायों का विस्तृत ज्ञान मिलता है। आचार्य चरक ने औषधि चिकित्सा के सिद्धांतों का प्रतिपादन कर मानव समाज को निरोगी जीवन की दिशा दिखाई।

डॉ. शर्मा ने कहा कि आचार्य चरक के बताए मार्ग पर चलकर व्यक्ति स्वस्थ और निरोगी जीवन जी सकता है। उन्होंने चरक संहिता में बताए गए आहार-विहार और जीवनशैली के महत्व को समझाते हुए कहा कि हितकर आहार-विहार का सेवन, सोच-समझकर कार्य करना, विषयों के प्रति अत्यधिक आसक्ति से बचना, दानशीलता, समान दृष्टिकोण, सत्यवादिता, क्षमाशीलता और सज्जनों की संगति स्वस्थ जीवन के महत्वपूर्ण आधार हैं।

महर्षि चरक जयंती के अवसर पर आयोजित शिविर में लोगों को आयुर्वेद और योग से संबंधित निशुल्क चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। इसके साथ ही आंवला, गिलोय, नीम, तुलसी और एलोवेरा जैसे औषधीय पौधों का वितरण किया गया। आयोजकों ने लोगों से औषधीय पौधों को अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में लगाने तथा उनके संरक्षण के लिए जागरूक रहने की अपील की।

कार्यक्रम में डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा, डॉ. संजय वैष्णव, डॉ. सुरेंद्र मिश्रा, डॉ. सुधांशु शर्मा, डॉ. जितेंद्र नारायण शर्मा, डॉ. लव कुमार साहू, डॉ. प्रदीप कश्यप, डॉ. अजय निर्मलकर, डॉ. नंदिनी तिवारी, डॉ. राजेश राठौर और डॉ. वागेश्वरी शर्मा सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।

इसके अलावा श्री शिव औषधालय की संचालिका प्रतिभा शर्मा, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के क्लब डायरेक्टर लायन शिव जायसवाल, सचिव लायन प्रत्युष सक्सेना, कोषाध्यक्ष लायन सुधीर सक्सेना सहित नेत्रनन्दन साहू, अश्वनी बुनकर, अरुण मानिकपुरी, धीरज तंबोली, कुश गुप्ता, मनीष कौशिक, कमल धारिया, देवबली कुंभकार, सिद्धराम शाहनी, अनुराग कंवर, गुनगुन राठिया, खुशबु कुमार, कांची सिंह, शैल निषाद और पंचकर्म टेक्नीशियन पिंकी बरेठ ने कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ की प्रार्थना की और सभी के अच्छे स्वास्थ्य एवं सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन के माध्यम से आयुर्वेद, योग और औषधीय पौधों के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button