Chhattisgarh

रक्षाबंधन से पहले कोरबा में खाद्य विभाग की सख्ती, संदिग्ध खाद्य सामग्री सीज; लगातार जारी है सैंपलिंग

कोरबा। रक्षाबंधन त्योहार को देखते हुए जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच और सैंपलिंग अभियान तेज कर दिया है। “बने खाबो–बने रिहबो 2.0” के तहत 17 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक सात दिवसीय सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत ने बताया कि रक्षाबंधन त्योहार को ध्यान में रखते हुए महीने की शुरुआत से ही जिले में अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। दूध, पनीर, खोवा, मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए लगातार सैंपल लिए जा रहे हैं। जहां खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर संदेह पाया जा रहा है, वहां नियमानुसार कार्रवाई भी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि 6 अगस्त को कटघोरा स्थित अमृततुल्य दूध डेयरी से पनीर का नमूना लिया गया था। 7 अगस्त को दीपका स्थित अन्नपूर्णा और शिवम डेयरी से दूध के नमूने लिए गए। इसी दिन टीपी नगर स्थित मां कालिका डेयरी से पनीर और खोवा का सैंपल जांच के लिए लिया गया।

इसके बाद 11 अगस्त को गौमाता चौक, इमलीडुग्गू स्थित टाटा मिक्सचर फैक्ट्री से मिक्सचर तथा बुधवानी प्रॉडक्ट्स से मावा बर्फी का नमूना लिया गया। 13 अगस्त को सांझा चूल्हा ढाबा का निरीक्षण कर पका हुआ चावल और आटा का सैंपल भी जांच के लिए लिया गया।

विकास भगत ने बताया कि इसी क्रम में 17 अगस्त को गौमाता चौक, सीतामढ़ी स्थित मां सर्वमंगला डिस्ट्रीब्यूटर का निरीक्षण किया गया। यहां से नारियल लड्डू और मसूर पाक के नमूने जांच के लिए लिए गए। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर करीब 10 हजार रुपये मूल्य के माल को सीज किया गया है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य त्योहार के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के रखरखाव, गुणवत्ता और स्वच्छता की भी जांच की जा रही है। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

त्योहारी सीजन में मिठाई, दूध, पनीर, खोवा और अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम लगातार बाजार और खाद्य प्रतिष्ठानों पर नजर बनाए हुए है। विभाग ने लोगों से भी खाद्य पदार्थ खरीदते समय गुणवत्ता और पैकिंग की जानकारी जांचने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button