अवैध सागौन कटाई पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, पिकअप से 26 लट्ठे जब्त

कोरबा। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने अवैध सागौन कटाई एवं परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रात्रि गश्ती के दौरान एक बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन को सागौन लकड़ी सहित जब्त किया है। वाहन से सागौन के 26 नग लट्ठे, करीब 2.000 घन मीटर लकड़ी बरामद हुई है। जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 85 हजार रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, कोरबा वनमंडल के वन परिक्षेत्र कोरबा अंतर्गत भुलसीडीह के जंगल से सागौन की लकड़ी अवैध रूप से काटकर परिवहन किए जाने की सूचना वन विभाग को मुखबिरों से मिली थी। सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने झगरहा से भुलसीडीह बैरियर के बीच वन मार्ग पर रात्रि गश्ती शुरू की।
गश्ती के दौरान जंगल की ओर से आ रहे बोलेरो मैक्स पिकअप क्रमांक CG-13 AY 1202 को वन विभाग की टीम ने रोककर जांच की। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सागौन के 26 नग लट्ठे लदे मिले। लकड़ी के संबंध में चालक द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर वन विभाग ने वाहन सहित पूरी लकड़ी को जब्त कर लिया।
यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी जितेन्द्र कुमार उपाध्याय के आदेश तथा उपवनमंडलाधिकारी उत्तर कोरबा रामसिंह राठिया और उपवनमंडलाधिकारी दक्षिण कोरबा सूर्यकांत सोनी के निर्देशन में की गई। कार्रवाई का नेतृत्व वन परिक्षेत्र अधिकारी कोरबा डेथंजय शर्मा ने किया।
अभियान में परिक्षेत्र सहायक यशमल आदिल, परिसर रक्षक गुरुवेंद्र कुर्रे, अर्जुन सिंह कंवर, बलराम राठिया सहित अन्य वन कर्मचारी शामिल रहे। मामले में वन अपराध प्रकरण (पी.ओ.आर.) क्रमांक 5647/07, दिनांक 15 अगस्त 2026 दर्ज कर वन अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों का मिला सहयोग
वन विभाग की कार्रवाई में स्थानीय मुखबिरों के साथ संयुक्त वन प्रबंधन समिति डुमरडीह एवं भुलसीडीह के सदस्यों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग की सक्रियता और रात्रि गश्ती अभियान की सराहना की।
वन विभाग ने कहा है कि वन संपदा की अवैध कटाई और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। वन क्षेत्रों में रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाते हुए अवैध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है।



