Chhattisgarh

विभाजन विभीषिका दिवस पर भाजपा ने विभाजित परिवारों का दर्द साझा कर शाल एवं श्रीफल से किया सम्मान

जांजगीर, 14 अगस्त 2026। भारतीय जनता पार्टी जिला जांजगीर-चांपा द्वारा शुक्रवार को जिला भाजपा कार्यालय जांजगीर में विभाजन विभीषिका दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में वर्ष 1947 के भारत विभाजन की त्रासदी झेलने वाले परिवारों के सदस्यों से संवाद कर उनकी पीड़ा और संघर्ष को साझा किया गया। इस दौरान विभाजन पीड़ित परिवारों के वरिष्ठजनों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु श्री खुशवंत साहेब रहे। उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 में देश के विभाजन के दौरान लाखों लोगों को विस्थापन, पीड़ा और अपनों से बिछड़ने का दंश झेलना पड़ा। अनेक परिवारों को अपना घर-बार छोड़कर दूसरे स्थानों पर जाकर नए सिरे से जीवन शुरू करना पड़ा।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने विभाजन की विभीषिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विभाजन केवल देश की सीमाओं का बंटवारा नहीं था, बल्कि इसने करोड़ों लोगों के जीवन, परिवार और भावनाओं को गहराई से प्रभावित किया। उन्होंने उपस्थित युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और भाजपा पदाधिकारियों को विभाजन के दौरान परिवारों द्वारा झेली गई कठिनाइयों की जानकारी दी।

खनिज विकास निगम के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सौरव सिंह ने कहा कि विभाजन की पीड़ा झेलने वाले परिवारों के संघर्ष और त्याग को स्मरण करना आवश्यक है। नई पीढ़ी को इतिहास के इस अध्याय की वास्तविकता से परिचित कराना जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों की पुनरावृत्ति न हो।

कार्यक्रम में जिला संगठन प्रभारी रामदेव कुमावत, जिला भाजपा अध्यक्ष अम्बेश जांगड़े, प्रशांत सिंह ठाकुर, अमर सोल्तानिया, संतोष लहरे, सत्यलता मिरी, नंद चौधरी, नंदिनी राजवाड़े, कार्यक्रम संयोजक रामखुवानी और सहसंयोजक राकेश रूपवानी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जांजगीर सिंधी समाज के मुखी गोपाल बजाज, लक्ष्मण थवानी, गंगा राम चनदानी, दिलीप मिरचंदनी, चंदरमल, रमेश गुरुनानी, किशोर गुरुनानी, अनिल विरानी, सुरेश, राजेश लालवानी और अजय थावानी सहित समाज के वरिष्ठजनों का कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब ने शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया।

सभा के बाद भाजपा की ओर से अटल चौक जांजगीर से नेताजी चौक तक पैदल मौन जुलूस निकाला गया। मौन जुलूस में कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि विभाजन विभीषिका दिवस उन लाखों लोगों की पीड़ा, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने देश के विभाजन का दंश झेला। यह दिवस इतिहास से सीख लेते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

Related Articles

Back to top button