KORBA Breaking: लोनर हाथी ने ग्रामीण का कच्चा मकान तोड़ा, घरेलू सामान क्षतिग्रस्त

कोरबा। जिले के एतमानगर वन परिक्षेत्र में लोनर हाथी का उत्पात लगातार जारी है। अब तक कटमोरगा गांव में खेत और बाड़ी में नुकसान पहुंचाने वाला लोनर हाथी बीती रात बुका गांव पहुंच गया। यहां उसने सुखलाल पिता बंधन नामक ग्रामीण के कच्चे मकान को निशाना बनाते हुए क्षतिग्रस्त कर दिया।
हाथी के हमले से मकान की दीवार गिर गई, जिससे घर में रखा दीवान सहित अन्य घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद पीड़ित ग्रामीण ने वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और नुकसान का आकलन करने में जुट गया।
वन विभाग द्वारा क्षेत्र में लोनर हाथी की निगरानी बढ़ा दी गई है। बुका सहित आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथी के नजदीक नहीं जाने की हिदायत दी जा रही है। वन अमला हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।
इधर, कोरबा वनमंडल के कुदमुरा वन परिक्षेत्र में भी दो दंतैल हाथियों का उत्पात जारी है। दोनों हाथियों ने बीती रात चचिया गांव में पहुंचकर पांच ग्रामीणों के खेतों में लगी धान की फसल को रौंद दिया। इससे संबंधित ग्रामीणों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। वन विभाग की टीम हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में निगरानी कर रही है तथा ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।




