Chhattisgarh

कोरबा में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत टीपी नगर से तुलसी एजेंसी तक हुआ वृक्षारोपण, हरित कोरबा की मुहिम को मिली रफ्तार

कोरबा, 8 अगस्त 2026। पर्यावरण संरक्षण और कोरबा को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शनिवार को शहर के प्रमुख मार्ग पर सघन वृक्षारोपण किया गया। जिला प्रशासन और नगर पालिक निगम कोरबा की ओर से टीपी नगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक से तुलसी एजेंसी तक मुख्य मार्ग के किनारे पौधों का रोपण किया गया। अभियान में निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ नागरिकों ने भी सहभागिता निभाई।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा वन विभाग के सहयोग से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत शहर में लगातार वृक्षारोपण किया जा रहा है। यह अभियान 18 जुलाई से संचालित है, जिसके माध्यम से अधिक से अधिक पौधे लगाकर कोरबा में हरित क्षेत्र बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

शनिवार को आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में उद्यान अधीक्षक आनंद राठौर सहित संतोष यादव, मनमोहन, फिरतु, गोपी तथा अन्य नागरिकों ने पौधों का रोपण किया। इस दौरान सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और लगाए गए पौधों की देखभाल करने का संकल्प लिया।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पौधारोपण के साथ हरित कोरबा के संकल्प को आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य उपयुक्त स्थानों पर पौधे लगाए जा रहे हैं, जिससे आने वाले समय में शहर में हरियाली बढ़ने के साथ पर्यावरण को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल के लिए सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करना भी है। जिला प्रशासन और नगर निगम की इस पहल से शहरवासियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ‘हरित कोरबा’ के लक्ष्य को गति मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button