Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा : 13 लाख की अवैध गांजा खेप पकड़ी, 2 महिलाओं समेत 4 तस्कर गिरफ्तार, कार और बाइक जब्त

जांजगीर-चांपा। जिले की बिर्रा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 13 लाख रुपये से अधिक कीमत का 26 किलो 800 ग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त एक कार और पायलटिंग कर रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले में नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 1 अगस्त को बिर्रा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भटगांव की ओर से महानदी पुल पार कर बसंतपुर की तरफ एक कार में अवैध गांजा ले जाया जा रहा है, जबकि एक मोटरसाइकिल कार की पायलटिंग कर रही है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की। संदिग्ध कार और मोटरसाइकिल को रोककर एनडीपीएस एक्ट के तहत आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान अलग-अलग पैकेटों में कुल 26 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से विजय बघेल (22 वर्ष) निवासी ओडेकेरा थाना जैजैपुर, उत्तम चन्द्रा (41 वर्ष) निवासी जैजैपुर, भूरीबाई बघेल (55 वर्ष) निवासी देवरहटा थाना हसौद जिला सक्ती तथा सव्या शर्मा (28 वर्ष) निवासी पदमपुर रोड सरायपाली जिला महासमुंद को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ थाना बिर्रा में अपराध क्रमांक 99/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन स्थानों पर की जानी थी। मामले में तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पीएसआई शामेष, एएसआई रामप्रसाद बघेल, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र टंडन तथा आरक्षक अर्जुन यादव, चंद्रशेखर ओगरे और वीरेंद्र कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button