सीएमएचओ ने पोंडी उपरोड़ा व दर्री बस्ती स्वास्थ्य केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के दिए निर्देश

कोरबा। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. एस.एन. केशरी ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोंडी उपरोड़ा तथा शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर, दर्री बस्ती का आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने ओपीडी, आईपीडी, प्रसव कक्ष, ऑपरेशन थिएटर, पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी), दवा वितरण कक्ष, भंडार कक्ष, प्रयोगशाला तथा एक्स-रे कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने संधारित अभिलेखों की जांच कर पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए।
डॉ. केशरी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सा उपकरणों के रखरखाव तथा अस्पताल परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को समय पर उपस्थिति दर्ज कराने, आधार आधारित 100 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, आयुष्मान भारत आभा आईडी, वयावंदना कार्ड निर्माण, टीकाकरण, परिवार कल्याण, एनसीडी सहित सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी योजनाओं की उपलब्धियों का संबंधित पोर्टलों पर समयबद्ध ऑनलाइन इंद्राज करने पर भी जोर दिया।
सीएमएचओ ने बारिश के मौसम में मौसमी बीमारियों एवं सर्पदंश की घटनाओं से निपटने के लिए पर्याप्त दवाओं एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की सभी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाए तथा अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हुए गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए।




