Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा में स्क्रैप कॉपर वायर चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार; 5 किलो चोरी का कॉपर वायर बरामद

जांजगीर-चांपा। जिले की चांपा पुलिस ने स्क्रैप कॉपर वायर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया करीब 5 किलो कॉपर वायर बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 2 हजार रुपये बताई जा रही है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, महामाया मोटर्स, चांपा के प्रबंधक संदीप कुमार अग्रवाल, निवासी सदर बाजार, ने 19 जुलाई 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि स्टॉक की जांच के दौरान स्क्रैप कॉपर वायर की मात्रा कम पाई गई। इसके बाद जब संस्थान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो तीन अज्ञात युवक बाउंड्री फांदकर परिसर में घुसते और करीब 30 से 35 किलो स्क्रैप कॉपर वायर, जिसकी अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये है, चोरी कर ले जाते दिखाई दिए।

शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 393/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 303(ए) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बिरजू सूर्यवंशी (28 वर्ष), पिता गोरेलाल सूर्यवंशी, निवासी हथनेवरा, थाना चांपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी का 5 किलो कॉपर वायर बरामद कर जब्त किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि इस चोरी की वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक गोपी सिंह, प्रधान आरक्षक गणेश कौशिक, आरक्षक मुद्रिका दुबे सहित थाना चांपा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button