छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 5 IAS अधिकारियों के तबादले, कई विभागों में बदली जिम्मेदारियां
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने गुरुवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के प्रभार में बड़ा फेरबदल करते हुए 5 अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी आदेश के अनुसार कई जिलों और महत्वपूर्ण विभागों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
जारी आदेश के अनुसार आईएएस संतोष कुमार देवांगन (2013 बैच) को कलेक्टर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के पद से हटाकर स्कूल शिक्षा विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है।
वहीं आईएएस विजय दयाराम के. (2015 बैच), जो अब तक संचालक तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण तथा छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी के रूप में कार्यरत थे, उन्हें गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
सरकार ने आईएएस हेमंत नंदनवार (2020 बैच) को जिला पंचायत महासमुंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) के पद से हटाकर संचालक, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण नियुक्त किया है। साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
इसी क्रम में आईएएस सुमित अग्रवाल (2021 बैच), जो वर्तमान में आयुक्त नगर पालिक निगम दुर्ग के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) बनाया गया है। आदेश के अनुसार वे अपने नए पद का कार्यभार ग्रहण करने तक निगम आयुक्त दुर्ग का दायित्व भी संभालते रहेंगे।
वहीं आईएएस अनुपमा आनंद (2023 बैच), जो वर्तमान में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), सरायपाली, जिला महासमुंद के पद पर पदस्थ हैं, उन्हें मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत महासमुंद के पद पर पदस्थ किया गया है।
राज्य सरकार का यह प्रशासनिक फेरबदल शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, शहरी विकास और जिला प्रशासन जैसे महत्वपूर्ण विभागों में कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
देखें आदेश की कॉपी:





