Chhattisgarh

रायपुर के तांत्रिक पर 40 लाख रुपये की ठगी का आरोप, भाई की मौत का रहस्य बताने के नाम पर डॉक्टर से की धोखाधड़ी

रायपुर, 06 जुलाई । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तंत्र-मंत्र और विशेष पूजा के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। खम्हारडीह थाना पुलिस ने रायपुर के कथित तांत्रिक नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि उन्होंने एक डॉक्टर को उसके भाई की संदिग्ध मौत का रहस्य बताने का झांसा देकर करीब 40 लाख रुपये और एक XUV वाहन अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता डॉ. त्रृषभ चौबे, गाजियाबाद के रहने वाले हैं। उनके भाई की इंदौर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। भाई की मौत के पीछे की सच्चाई जानने और मानसिक संतुष्टि पाने की उम्मीद में उन्होंने रायपुर के तांत्रिक नरेंद्र नयन शास्त्री से संपर्क किया।

आरोप है कि तांत्रिक ने दावा किया कि विशेष पूजा, तांत्रिक क्रियाओं और साधना के माध्यम से वह मौत के पीछे का पूरा रहस्य बता सकता है। इसके लिए उसने अलग-अलग चरणों में मोटी रकम की मांग की। शिकायत के अनुसार, डॉक्टर ने आरोपी के झांसे में आकर करीब 40 लाख रुपये दे दिए। इतना ही नहीं, आरोपी ने एक XUV वाहन भी अपने कब्जे में ले लिया।

पीड़ित का आरोप है कि लंबे समय तक इंतजार करने के बावजूद न तो उसे कोई ठोस जानकारी मिली और न ही किए गए दावों का कोई परिणाम सामने आया। इसके बाद उसे एहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। उसने खम्हारडीह थाना पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले से जुड़े सभी वित्तीय लेनदेन और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, जिस आरोपी नरेंद्र नयन शास्त्री को एफआईआर में फरार बताया गया है, वह फिलहाल किसी अन्य मामले में जेल में बंद है। पुलिस इस तथ्य को भी जांच का हिस्सा बनाकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कहीं आरोपी ने तंत्र-मंत्र, चमत्कार, विशेष पूजा या साधना के नाम पर अन्य लोगों को भी इसी तरह अपना शिकार तो नहीं बनाया। यदि जांच में ऐसे अन्य मामले सामने आते हैं तो उन्हें भी केस में शामिल किया जाएगा। फिलहाल खम्हारडीह थाना पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button