अज्ञात अंधे कत्ल की गुत्थी मात्र 6 घंटे में सुलझी, दो आरोपी गिरफ्तार, थाना नंदिनी नगर के ग्राम डूमर की घटना

शराब पीने के दौरान हुए आपसी विवाद में मुख्य आरोपी ने सब्बल से सिर पर लगातार प्रहार कर हत्या की घटना को अंजाम दिया
अहिवारा,26 जून 2026/ दिनांक 26 जून 2026 को ग्राम डूमर के कोटवार के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम डूमर स्थित पानी टंकी के पास सिंटेक्स रखने वाले चबूतरे पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान है। सूचना पर थाना नंदिनी नगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक रूप से मृतक की पहचान नहीं हो सकी। शव पर अंकित गोदना एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान चेतन ठाकुर उम्र 18 वर्ष निवासी ग्राम पथरिया के रूप में की गई।
मामले में तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना स्थल निरीक्षण मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मात्र 6 घंटे के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक चेतन ठाकुर, सोमनाथ उर्फ लालू यादव एवं राहुल कुर्रे रात्रि में एक साथ शराब पी रहे थे। शराब पीने के दौरान आपसी विवाद होने पर देर रात्रि लगभग 1:00 बजे मुख्य आरोपी सोमनाथ उर्फ लालू यादव ने सब्बल से मृतक के सिर पर लगातार प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने घटना में प्रयुक्त सब्बल एवं अपने पहने हुए कपड़ों को पास के तालाब में फेंक दिया था।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में घटना स्वीकार करने पर मुख्य आरोपी की निशानदेही से एसडीआरएफ टीम की सहायता से तालाब से घटना में प्रयुक्त सब्बल एवं आरोपी के पहने हुए कपड़े बरामद कर जप्त किए गए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
घटना का कारण:
शराब पीने के दौरान हुआ आपसी विवाद
घटना स्थल:
ग्राम डूमर, पानी टंकी के पास स्थित सिंटेक्स रखने वाला चबूतरा, थाना नंदिनी नगर जिला दुर्ग।
आरोपी का नाम:
- सोमनाथ उर्फ लालू यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम डूमर।
- राहुल कुर्रे, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम डूमर।
जप्त सामग्री:
- घटना में प्रयुक्त एक सब्बल।





