Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा पुलिस की अनोखी पहल: करहीडीह में महिला कमांडो टीम का गठन, नशा मुक्ति और साइबर जागरूकता अभियान को मिलेगी नई मजबूती

जांजगीर-चांपा। जिले में नशा मुक्ति और साइबर अपराधों के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय की पहल पर बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम करहीडीह में महिला कमांडो टीम का गठन किया गया। आज शनिवार को आयोजित विशेष कार्यक्रम में गांव की सक्रिय महिलाओं को संगठित कर इस टीम का गठन किया गया, जो आने वाले समय में नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण तथा सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महिलाओं की भूमिका सबसे अहम होती है। उन्होंने कहा कि महिला कमांडो टीम गांव-गांव तक जागरूकता का संदेश पहुंचाने का कार्य करेगी और लोगों को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराधों से बचाव तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध और नशाखोरी जैसी समस्याएं समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी हैं। इनसे प्रभावी तरीके से निपटने के लिए केवल पुलिस की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की भागीदारी भी आवश्यक है। महिला कमांडो टीम इस दिशा में पुलिस और समाज के बीच मजबूत सेतु का कार्य करेगी।

कार्यक्रम में महिलाओं को साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड, डिजिटल सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव, नशे के दुष्परिणाम, घरेलू हिंसा, महिला सुरक्षा कानूनों और बाल संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अपने-अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला कमांडो टीम के सदस्य गांवों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे, जरूरत पड़ने पर पुलिस को सूचना देंगे और महिलाओं को उनके अधिकारों तथा सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करेंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में अपराधों की रोकथाम और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ग्रामीण महिलाओं को नेतृत्व की भूमिका में लाकर उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने का प्रयास किया गया है, जिससे वे अपने क्षेत्र में बदलाव की वाहक बन सकें।

कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, ग्रामीणजन और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। महिला कमांडो टीम के गठन को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला और इसे समाजहित में एक सराहनीय पहल बताया गया।

Related Articles

Back to top button