Chhattisgarh

वायरल ऑडियो मामले में स्वामी आत्मानंद स्कूल के व्यायाम शिक्षक नलसाय दिवाकर की सेवा समाप्त

जांजगीर-चांपा, 13 जून 2026। जिला शिक्षा विभाग ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय नवागढ़ में पदस्थ व्यायाम शिक्षक (संविदा) नलसाय दिवाकर की संविदा सेवा समाप्त कर दी है। यह कार्रवाई समाचार पत्रों और सोशल मीडिया में वायरल हुए एक ऑडियो से जुड़े मामले की जांच के बाद की गई है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि वायरल ऑडियो के संबंध में नलसाय दिवाकर को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था। प्राप्त जवाब और मामले की जांच के लिए प्रकरण को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जांजगीर के समक्ष भेजा गया था।

जांच रिपोर्ट और प्रस्तुत स्पष्टीकरण का परीक्षण करने के बाद संबंधित अधिकारी ने पाया कि शिक्षक द्वारा दिया गया जवाब संतोषजनक नहीं है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर उनके आचरण को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 03 के विपरीत माना गया।

इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा छत्तीसगढ़ संविदा नियम, 2012 के नियम 09 (7) के तहत कार्रवाई करते हुए नलसाय दिवाकर की संविदा सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का आदेश जारी किया गया है।

उल्लेखनीय है कि नलसाय दिवाकर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय नवागढ़ में संविदा व्यायाम शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। सोशल मीडिया में वायरल ऑडियो के बाद मामला चर्चा में आया था, जिसके बाद शिक्षा विभाग ने जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की।

इस कार्रवाई को शिक्षा विभाग द्वारा शासकीय सेवकों के आचरण और अनुशासन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button