सपनों को मिली नई उड़ान: एनटीपीसी कोरबा की जेम बालिकाओं को प्रेरणादायी हस्तियों ने दिया आत्मविश्वास और सफलता का मंत्र

कोरबा,26 मई 2026। NTPC Limited के बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM) के अंतर्गत आयोजित ‘रोल मॉडल पहल’ युवा बालिकाओं के जीवन में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास भर रही है। इस पहल के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों की सफल एवं प्रेरणादायी हस्तियां जेम बालिकाओं से संवाद कर उन्हें बड़े सपने देखने, शिक्षा में उत्कृष्टता हासिल करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

अपने सातवें वर्ष में प्रवेश कर चुके जेम (GEM) कार्यक्रम के जरिए एनटीपीसी कोरबा आसपास के समुदायों की बालिकाओं के समग्र विकास और सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रहा है। अब तक लगभग 660 बालिकाएं इस पहल से लाभान्वित हो चुकी हैं। कार्यक्रम ने बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, कौशल विकास करने और उनके भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
22 से 25 मई 2026 तक आयोजित प्रेरणादायी सत्रों की श्रृंखला में बालिकाओं को कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों से सीधे संवाद करने का अवसर मिला। इन सत्रों में अतिथियों ने अपने जीवन संघर्ष, अनुभव और सफलता की कहानियां साझा कर बालिकाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम की शुरुआत 22 मई को भारतीय सेना के कर्नल सेंथिल कुमार एस के प्रेरक संबोधन से हुई। उन्होंने अनुशासन, साहस, दृढ़ संकल्प और लक्ष्य के प्रति समर्पण के महत्व को समझाते हुए बालिकाओं को हर चुनौती का सामना आत्मविश्वास के साथ करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास से ही प्राप्त होती है।
इसके बाद 23 मई को कोरबा की संयुक्त आयुक्त श्रीमती माधुरी सोम ने जेम बालिकाओं से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने शिक्षा, आत्मविश्वास और निरंतर सीखने की भावना को जीवन की सफलता का आधार बताते हुए बालिकाओं को अपने सपनों को सीमित न करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन के बल पर हर बालिका अपनी अलग पहचान बना सकती है।
इसी कड़ी में 25 मई को कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने बालिकाओं से मुलाकात कर सार्वजनिक सेवा और नेतृत्व से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने शिक्षा, सामाजिक उत्तरदायित्व और कठिन परिस्थितियों में निरंतर प्रयासरत रहने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हर सफलता के पीछे संघर्ष की कहानी होती है और दृढ़ संकल्प के साथ हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
सभी सत्रों में जेम बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए अतिथियों से संवाद किया और जिज्ञासापूर्ण प्रश्न पूछे। इन प्रेरक मुलाकातों ने बालिकाओं को न केवल नई सोच दी, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, सकारात्मक ऊर्जा और अपने सपनों को पूरा करने का नया संकल्प भी जगाया।
एनटीपीसी कोरबा की यह पहल बालिकाओं को ज्ञान, प्रेरणा और आत्मविश्वास प्रदान कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। कार्यक्रम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि साहस, समर्पण, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ कोई भी सपना असंभव नहीं होता।




