Chhattisgarh

कोरबा में भीषण गर्मी का कहर, तापमान 44 डिग्री पहुंचा

कोरबा जिले में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का दिन में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि गुरुवार से मौसम में बदलाव के संकेत हैं। इस दौरान बादल छाने के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हवा की रफ्तार करीब 22 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मई महीने के पहले पखवाड़े में आंधी और बारिश से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली थी, लेकिन दूसरे पखवाड़े में तापमान लगातार बढ़ रहा है। सुबह से ही तेज धूप लोगों को परेशान करने लगती है और दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगता है। शाम और रात के समय भी उमस और गर्मी से राहत नहीं मिल रही है।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान 47 डिग्री तक पहुंचने की आशंका जताई है, जिससे गर्मी और अधिक परेशान कर सकती है।

Related Articles

Back to top button