Chhattisgarh

हत्या के आरोपी ने जेल से भरा नामांकन, पोड़ी उपरोड़ा उपचुनाव में बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी

कोरबा। जिले के जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत ग्राम बिझरा क्षेत्र में होने वाले जनपद सदस्य उपचुनाव ने सोमवार को उस समय नया मोड़ ले लिया, जब भाजपा नेता अक्षय गर्ग हत्याकांड के मुख्य आरोपी मुस्ताक अहमद ने जेल से लाकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के अंतिम दिन हुई इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अक्षय गर्ग की 23 दिसंबर को ग्राम केशलपुर में अज्ञात हमलावरों द्वारा धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने राजनीतिक रंजिश को घटना की प्रमुख वजह बताया था। मामले में मुस्ताक अहमद सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

अक्षय गर्ग की मृत्यु के बाद जनपद पंचायत सदस्य का पद रिक्त हो गया था, जिसके लिए वर्तमान में उपचुनाव प्रक्रिया चल रही है। इसी क्रम में सोमवार को बिलासपुर जेल में बंद मुस्ताक अहमद को सुरक्षा व्यवस्था के बीच पोड़ी उपरोड़ा जनपद कार्यालय लाया गया, जहां उसने नामांकन पत्र जमा किया।

आरोपी के चुनाव मैदान में उतरने से क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। मामले को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों और स्थानीय लोगों के बीच चर्चाओं का दौर जारी है। हालांकि निर्वाचन प्रक्रिया के तहत नामांकन की वैधानिक जांच और आगे की कार्रवाई निर्वाचन अधिकारियों द्वारा नियमानुसार की जाएगी।

Related Articles

Back to top button