जांजगीर-चांपा में ‘तारुण्य वार्ता #पीरियड्स पर खुलकर’ अभियान की शुरुआत, मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर चलाया जाएगा जागरूकता अभियान

जांजगीर-चांपा। किशोरियों और युवाओं में मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “तारुण्य वार्ता #पीरियड्स पर खुलकर” अभियान की शुरुआत की गई। यूनिसेफ और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के संयुक्त तत्वावधान में रायपुर स्थित श्री बालाजी विद्या मंदिर में आयोजित दो दिवसीय मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा जिले से तीन एडल्ट लीडर्स ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वर्णिका शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म जैसे विषय पर चुप्पी नहीं बल्कि जागरूकता और खुलकर संवाद की आवश्यकता है। हर बेटी को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक माहवारी प्रबंधन का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने यूनिसेफ और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा शुरू किए गए इस अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाला कदम बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने कहा कि यूनिसेफ के सहयोग से शुरू किए गए इस अभियान को छत्तीसगढ़ के हर वर्ग तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि अभियान का समापन 28 मई को मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा।
यूनिसेफ छत्तीसगढ़ की हेड सीमा कुमार ने कहा कि यह अभियान लड़कियों की गरिमा, समानता और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि यह केवल माहवारी स्वच्छता तक सीमित नहीं बल्कि बालिकाओं के सशक्तिकरण का भी अभियान है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि समाज में माहवारी को लेकर फैली भ्रांतियों और अनावश्यक पाबंदियों को खत्म करने की जरूरत है। साथ ही उन्होंने स्कूलों के पीटीएम के माध्यम से अभिभावकों तक भी इस विषय को पहुंचाने की मांग की।
यूनिसेफ के व्यवहार परिवर्तन विशेषज्ञ अभिषेक सिंह ने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे किशोरों में स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि अभियान माहवारी को लेकर झिझक खत्म करने, मिथकों को दूर करने और लड़कों में भी इस विषय को लेकर समझ विकसित करने का कार्य करेगा।
कार्यक्रम के दौरान यूनिसेफ की बाल संरक्षण विशेषज्ञ चेतना देसाई, वॉश स्पेशलिस्ट श्वेता पटनायक, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय मुख्यालय आयुक्त जी स्वामी, रेडक्रॉस सोसायटी के उपाध्यक्ष रूपेश पाणिग्रही, राज्य मुख्यालय आयुक्त रविश गुप्ता और स्टेट कोऑर्डिनेटर मेंबरशिप ग्रोथ मोहम्मद सादिक शेख सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राज्य प्रशिक्षण आयुक्त पूनम सिंह साहू ने किया जबकि आभार प्रदर्शन राज्य संयुक्त सचिव बीना यादव ने किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन यूनिसेफ के एसबीसी कंसलटेंट अभिषेक त्रिपाठी, वॉश ऑफिसर बिरजा कबी सतपथी और आशिष कुमार ने प्रशिक्षण प्रदान किया। दो दिवसीय मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का संयोजन दिलीप पटेल द्वारा किया जा रहा है।
जांजगीर-चांपा जिले से भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ के तहत डीओसी गाइड कु. श्वेता जायसवाल, संयुक्त सचिव श्रीमती गौरी साहू और डीओसी स्काउट डॉ. सुरेंद्र कुमार सोनी ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। कु. श्वेता जायसवाल ने बताया कि जिले में जल्द ही स्काउट्स-गाइड्स और रेडक्रॉस वालेंटियर्स को जोड़कर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में समाजसेवी संस्थाओं, चिकित्सकों और विशेषज्ञों का सहयोग लिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने सभी को मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन का संकल्प दिलाया। साथ ही अतिथियों द्वारा अभियान से जुड़े पोस्टर का विमोचन भी किया गया।




