Chhattisgarh

SECL में 2 लाख तक के कार्य पुनः शुरू करने की मांग, रजनीश तिवारी ने CMD को लिखा पत्र

कोरबा, 28 अप्रैल। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री एवं रायगढ़ जिला प्रभारी रजनीश तिवारी ने South Eastern Coalfields Limited (एसईसीएल) के सह प्रबंध निदेशक हरीश दुहान को पत्र लिखकर 2 लाख रुपये तक के निविदा कार्यों को पुनः पूर्व की तरह सुचारू रूप से शुरू करने की मांग की है।

पत्र में तिवारी ने कहा कि एसईसीएल की सभी इकाइयों में पहले की तरह छोटे कार्यों के लिए स्थानीय स्तर पर निविदाएं जारी की जानी चाहिए। इससे क्षेत्र के भू-विस्थापितों, बेरोजगार युवाओं तथा कोल इंडिया की सहायक कंपनियों में कार्यरत मजदूरों के बेरोजगार पुत्रों को रोजगार के अवसर मिल सकेंगे और उनका जीवन-यापन सुचारू रूप से चल सकेगा।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि बीते कुछ वर्षों में क्षेत्र में बेरोजगार युवाओं और भू-विस्थापितों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे सामाजिक असंतोष की स्थिति बनने लगी है। इस विषय को पूर्व में केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी के संज्ञान में भी लाया जा चुका है।

तिवारी ने पत्र में कहा कि प्रबंधन के आकस्मिक एवं आवश्यक कार्यों को त्वरित रूप से पूरा करने में स्थानीय ठेकेदारों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। वे प्रबंधन और क्षेत्र के बीच सेतु का कार्य करते हैं, जिससे कार्यों का समय पर निष्पादन और बेहतर समन्वय संभव होता है। वर्तमान में लंबे समय से जुड़े ठेकेदार काम नहीं मिलने के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।

उन्होंने मांग की है कि 2 लाख रुपये तक के ठेका कार्यों के लिए शीघ्र नियमित रूप से कार्य आदेश जारी किए जाएं तथा इस संबंध में एसईसीएल के सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधकों को निर्देशित किया जाए, ताकि प्रबंधन के प्रति स्थानीय लोगों का विश्वास बना रहे।

Related Articles

Back to top button