Chhattisgarh

कोरबा: दर्री जोन में लगा ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने हितग्राहियों को बांटे चेक और आवास की चाबियां

कोरबा, 13 अक्टूबर 2026। नगर पालिक निगम कोरबा के दर्री जोन कार्यालय में मंगलवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता महापौर संजूदेवी राजपूत ने की। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को आर्थिक सहायता, राशन कार्ड और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबियां वितरित की गईं।

शिविर को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर केंद्र और राज्य सरकार की संवेदनशीलता का परिचायक हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवाकाल के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम नागरिकों की समस्याओं के समाधान और शहर के विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है। शिविरों के माध्यम से लोगों को अपने क्षेत्र में ही विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

शिविर में श्रद्धांजलि योजना, वृद्धावस्था पेंशन, राष्ट्रीय परिवार सहायता, मुख्यमंत्री सियान सहायता योजना और मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी गई। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण कर जरूरतमंदों को दवाइयां भी वितरित की गईं।

इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने दर्री जोन कार्यालय में नवनिर्मित पार्षद कक्ष सह मीटिंग हॉल का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में सभापति नूतन सिंह ठाकुर, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित पार्षद, जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button