Chhattisgarh

गेवरा-दीपका में गैस संकट गहराया, उपभोक्ताओं की लंबी कतारें; सहकारी समिति कार्यालय में गहमागहमी

कोरबा, 09 अप्रैल 2026। जिले के गेवरा-दीपका क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत से आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस सिलेंडर की अनियमित आपूर्ति के चलते गेवरा कंज्यूमर्स कॉपरेटिव कार्यालय में इन दिनों भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे परिसर में लगातार गहमागहमी का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय उपभोक्ताओं के अनुसार, समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण बड़ी संख्या में लोग रोजाना कार्यालय पहुंच रहे हैं। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्होंने दो महीने पहले गैस बुकिंग कराई थी, इसके बावजूद अभी तक सिलेंडर नहीं मिल सका है। लंबा इंतजार और अनिश्चितता के कारण लोगों को दैनिक जीवन में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

कार्यालय परिसर में भीड़ बढ़ने से अव्यवस्था की स्थिति निर्मित हो रही है और लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी है, जिससे समस्या और गंभीर होती जा रही है।

इधर, समिति के वित्तीय प्रबंधन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। सूत्रों के मुताबिक, वर्ष 2022 से लेखा-जोखा स्पष्ट नहीं होने की बात सामने आ रही है, जिसके चलते समय पर गैस खरीदी का भुगतान प्रभावित हो रहा है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और प्रबंधन की ओर से भी स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

जानकारी के अनुसार, समिति में हाल ही में जानाराम कर्ष को अध्यक्ष तथा छाया देवी को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वर्तमान परिस्थितियों में गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाना उनके लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है।

स्थानीय लोगों और उपभोक्ताओं ने मांग की है कि गैस आपूर्ति व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त किया जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके और आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

Related Articles

Back to top button