Korba Crime: रिटायर्ड एएसआई के सूने घर में फिर चोरी, बारात में गए थे परिवार वाले

कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत सीएसईबी कॉलोनी में एक रिटायर्ड एएसआई के घर दूसरी बार चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने उस समय वारदात को अंजाम दिया, जब परिवार के सभी सदस्य शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, सीएसईबी कॉलोनी निवासी रिटायर्ड एएसआई गलेटबिन कुमार अपने बेटे की शादी के सिलसिले में मंगलवार रात बारात लेकर बालको स्थित साईं मंगलम भवन गए हुए थे। बुधवार सुबह पड़ोसियों ने उनके घर का दरवाजा संदिग्ध अवस्था में देखा और तुरंत इसकी सूचना मकान मालिक व सिविल लाइन थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और सीएसपी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। गलेटबिन कुमार ने पुलिस को फोन पर बताया कि घर में करीब 20 हजार रुपए नकद, लैपटॉप, कंप्यूटर, टीवी सहित मेहमानों का सामान रखा हुआ था। हालांकि, चोरी गए सामान का सही आंकलन उनके वापस लौटने के बाद ही हो सकेगा।
यह पहला मामला नहीं है जब उनके घर को चोरों ने निशाना बनाया हो। इससे पहले जनवरी माह में भी इसी घर में चोरी हुई थी, जिसमें करीब 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी हो गई थी। उस मामले में अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
पहली घटना के बाद सुरक्षा के लिहाज से घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए थे, लेकिन इस बार चोरों ने चालाकी दिखाते हुए कैमरों से छेड़छाड़ की और डीवीआर (डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर) भी अपने साथ ले गए, जिससे घटना के सबूत जुटाने में मुश्किलें बढ़ गई हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड टीम को भी मौके पर बुलाया है और जांच में उनकी मदद ली जा रही है। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।




