बस्तर में देर रात भूकंप के झटके, दहशत में आए लोग

जगदलपुर, 05 अप्रैल 2026।
जगदलपुर सहित बस्तर संभाग के कई इलाकों में शनिवार देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे कुछ समय के लिए लोगों में दहशत का माहौल बन गया। अचानक जमीन हिलने से लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।
जानकारी के अनुसार, भूकंप रात 11 बजकर 31 मिनट पर आया। National Centre for Seismology के मुताबिक, भूकंप का केंद्र ओडिशा के Koraput क्षेत्र में स्थित था। भूकंप की गहराई जमीन से लगभग 5 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई, जबकि इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 मैग्नीट्यूड मापी गई।
भूकंप के झटके कुछ ही क्षणों के लिए महसूस किए गए, लेकिन अचानक हुए इस घटनाक्रम से लोग सहम गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस भूकंप में किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं है।
विशेषज्ञों का मानना है कि बस्तर क्षेत्र सामान्यतः भूकंप की दृष्टि से अपेक्षाकृत सुरक्षित माना जाता है। ऐसे में यहां झटकों का महसूस होना भूवैज्ञानिकों के लिए भी चिंता और अध्ययन का विषय बन गया है। स्थानीय प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है और लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की है।




