Chhattisgarh

साइबर ठगों का नया जाल: शिक्षिका को गिरफ्तारी का डर दिखाकर 4.5 लाख ठगे

सरगुजा,30 मार्च (वेदांत समाचार)। जिले में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ठगों ने एक शिक्षिका को डर और बदनामी का भय दिखाकर 4 लाख 50 हजार रुपये ऐंठ लिए।आरोपियों ने खुद को रायपुर क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर कॉल किया और ऑनलाइन अश्लील सामग्री देखने के झूठे आरोप में गिरफ्तारी की धमकी दी।

जानकारी के अनुसार, 19 मार्च 2026 को परीक्षा ड्यूटी के बाद घर लौट रही शिक्षिका को फोन आया। ठगों ने मामले को गंभीर बताते हुए गिरफ्तारी से बचने के लिए “सुरक्षा धन” जमा करने का झांसा दिया।मानसिक दबाव में आई शिक्षिका ने उनकी बातों पर भरोसा कर लिया और 19 से 25 मार्च के बीच अलग-अलग किश्तों में यूपीआई के माध्यम से रकम ट्रांसफर कर दी। कुछ राशि उनके पति ने भी चॉइस सेंटर के जरिए भेजी।

25 मार्च को ठगों ने दोबारा कॉल कर पैसे लौटाने का झूठा आश्वासन दिया और किसी को जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। बाद में सहकर्मियों से चर्चा के बाद शिक्षिका को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और लोगों से ऐसे कॉल से सतर्क रहने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button