Chhattisgarh

अवार्ड शो या कलाकारों का अपमान? बिलासा छोलीवुड अवार्ड्स 2026 पर इंडस्ट्री में गुस्सा

CG CINEMA NEWS: बिलासपुर में आयोजित बिलासा छोलीवुड अवार्ड्स 2026 को लेकर विवाद लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। कार्यक्रम के आयोजन और कलाकारों को सम्मान देने की प्रक्रिया को लेकर छत्तीसगढ़ी फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री में सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर कई कलाकारों और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की नाराजगी सामने आ रही है।

सूत्रों के अनुसार हाल ही में राज्य अलंकरण से सम्मानित सुप्रसिद्ध गायक हीरेश सिन्हा के साथ-साथ कई अन्य कलाकारों को भी इस अवार्ड समारोह में अपमानित किए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान श्री सिन्हा को मंच पर करीब 4 से 5 घंटे तक बैठाए रखा गया, जबकि वे लगातार इस इंतजार में रहे कि उन्हें कब सम्मानित किया जाएगा।

लेकिन सूत्रों के मुताबिक कार्यक्रम के दौरान आयोजक समिति अपनी गतिविधियों में ही व्यस्त रही और लंबे इंतजार के बावजूद उन्हें सम्मानित नहीं किया गया। आखिरकार बताया जाता है कि हीरेश सिन्हा बिना कुछ कहे ही मंच से उतर गए, जिससे वहां मौजूद कई कलाकारों और दर्शकों में नाराजगी देखने को मिली।

इंडस्ट्री से जुड़े कुछ कलाकारों ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केवल पोस्टर में फोटो लगा देने से किसी कलाकार का सम्मान नहीं हो जाता। उनका कहना है कि अगर सच में कलाकारों को सम्मान देना था तो उन्हें उचित तरीके से आमंत्रित कर समय पर सम्मानित किया जाना चाहिए था।

कई कलाकारों ने यह भी कहा कि पैसे देकर अवॉर्ड लेना किसी भी कलाकार के लिए सम्मान की बात नहीं हो सकती। उनका मानना है कि अवॉर्ड का उद्देश्य कलाकारों की मेहनत और प्रतिभा को पहचान देना होना चाहिए, न कि किसी प्रकार की औपचारिकता या आर्थिक लेन-देन के आधार पर सम्मान बांटना।

इस पूरे मामले के सामने आने के बाद बिलासा छोलीवुड अवार्ड्स 2026 को लेकर इंडस्ट्री में नई बहस छिड़ गई है। अब देखना होगा कि इस विवाद पर कार्यक्रम के आयोजकों या अन्य कलाकारों की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

Related Articles

Back to top button