भाजपाई करा रहे नशे की खेती – राजेश अग्रवाल
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। जिले के समोदा गांव में करीब 5.62 एकड़ जमीन पर अफीम की अवैध खेती पकड़ी गई, जहां से पुलिस ने 14 लाख से अधिक अफीम के पौधे नष्ट किए। अधिकारियों के अनुसार जब्त फसल की कीमत करीब 7 से 8 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
इस मामले में पुलिस ने भाजपा से जुड़े बताए जा रहे विनायक ताम्रकार सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि खेत में अन्य फसलों के बीच अफीम उगाई जा रही थी, ताकि किसी को शक न हो। मामले की जांच पुलिस, नारकोटिक्स और अन्य विभागों की संयुक्त टीम कर रही है।
इधर जांजगीर चांपा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने इस घटना को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में “भाजपाई ही नशे की खेती करवा रहे हैं और युवाओं को नशे की ओर धकेला जा रहा है।” राजेश अग्रवाल ने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद जिले में हड़कंप मचा हुआ है और प्रशासन पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गया है।




