Chhattisgarh

CG BREAKING: बिलासपुर में पति ने की पत्नी की हत्या, सिर पटककर उतारा मौत के घाट, आरोपी फरार

बिलासपुर, 08 मार्च। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू नगर इलाके में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने नशे की हालत में अपनी पत्नी की मारपीट कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपी की तलाश में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नेहरू नगर स्थित MIG-33 में रहने वाली 37 वर्षीय पुष्पलता यादव की उसके पति युवराज यादव (43 वर्ष) ने मारपीट कर हत्या कर दी। युवराज यादव मूल रूप से कोटा क्षेत्र के मोहनभाटा का निवासी है और वर्तमान में अपनी पत्नी के साथ नेहरू नगर में किराये के मकान में रह रहा था।

बताया जा रहा है कि घटना से पहले मकान मालकिन किरायेदार से घर खाली करने की बात कहने के लिए आई थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। इस दौरान आरोपी युवराज यादव नशे की हालत में था और वह अपनी पत्नी से गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की।

मारपीट करते हुए आरोपी पत्नी को घर के अंदर बाथरूम के पास ले गया और उसका सिर जोर से पटक दिया, जिससे उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। गंभीर चोट लगने से मौके पर ही पुष्पलता यादव की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

वारदात के बाद आरोपी युवराज यादव मौके से फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और आसपास के क्षेत्रों में उसकी खोजबीन की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button