खुशखबरी : रेलवे के बाद अब इन सरकारी कर्मचारियों को तोहफा, 60 दिन का मिलेगा बोनस

त्यौहारी सीजन में सरकारी कर्मचारियों को बोनस का तोहफा दिया जा रहा है। बीते दिनों केंद्र सरकार ने भारतीय रेलवे के 11.4 लाख कर्मचारियों के लिए 78 दिन के बोनस की घोषणा की थी। अब इंडिया पोस्ट ने अपने कर्मचारियों को 60 दिनों के वेतन के बराबर बोनस का ऐलान किया है।
क्या है ऐलान?
डाक विभाग के आदेश के मुताबिक, पात्र नियमित कर्मचारियों को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 60 दिन के वेतन के बराबर प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) दिया जाएगा। इसके अलावा नियमित रूप से काम करने वाले ग्रामीण डाक सेवकों (GDS) को एक्स-ग्रेशिया बोनस और पात्र फुल टाइम कैजुअल कर्मचारियों को एडहॉक बोनस मिलेगा। हालांकि, बोनस की गणना वेतन की निर्धारित सीमा, काम किए गए दिनों की संख्या और कर्मचारी की श्रेणी के आधार पर की जाएगी।
इंडिया पोस्ट बोनस के लिए कौन पात्र है?
आदेश के अनुसार, यह बोनस तीन श्रेणियों के कर्मचारियों पर लागू होता है। इसमें नियमित कर्मचारी, ग्रामीण डाक सेवक और कैजुअल कर्मचारी शामिल हैं।
नियमित कर्मचारी: मल्टी-टास्किंग स्टाफ (MTS), ग्रुप C और नॉन-गजेटेड ग्रुप B कर्मचारी।
ग्रामीण डाक सेवक: नियमित रूप से काम करने वाले GDS को एक्स-ग्रेशिया बोनस दिया जाएगा।
कैजुअल कर्मचारी: पात्र फुल टाइम कैजुअल लेबर और टेम्पररी स्टेटस वाले कैजुअल कर्मचारियों को एडहॉक बोनस मिलेगा।
क्या है बोनस का फॉर्मूला
नियमित डाक कर्मचारियों के बोनस की गणना 60 दिनों के आधार पर की जाएगी। इसके लिए औसत मासिक वेतन को बोनस के दिनों से गुणा करके 30.4 से भाग दिया जाएगा। हालांकि, बोनस की गणना के लिए मासिक वेतन की अधिकतम सीमा ₹7,000 तय की गई है। मतलब ये हुआ कि महीने में कर्मचारी का पात्र वेतन ₹7000 से ज्यादा होता है तो भी बोनस की गणना ₹7000 तक पर ही होगी। ग्रामीण डाक सेवकों के मामले में भी यही नियम लागू होता है।
इसके अलावा, फुल टाइम कैजुअल कर्मचारियों को एडहॉक बोनस दिया जाएगा। इसके लिए 31 मार्च 2026 तक लगातार तीन साल या उससे अधिक समय तक निर्धारित दिनों में काम करने की शर्त रखी गई है। जो कर्मचारी 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच इस्तीफा दे देते हैं, रिटायर हो जाते हैं, नौकरी छोड़ देते हैं या प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) पर चले जाते हैं, वे भी नियमित कर्मचारियों के लिए लागू नियमों के तहत बोनस पाने के हकदार होंगे।
रेलवे कर्मचारियो के लिए भी ऐलान
सरकार ने रेलवे के 11.4 लाख कर्मचारियों के लिए 78 दिन के उत्पादकता आधारित बोनस की घोषणा की है। इसके लिए 2,009.61 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रत्येक कर्मचारी के लिए 78 दिन का अधिकतम बोनस 17,951 रुपये होगा।
रेलवे कर्मचारियों में ट्रैक मेनटेनर, लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर (पहले गार्ड), स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, टेक्नीशियन हेल्पर, प्वाइंट्समैन, मंत्रालय के कर्मचारी और ग्रुप सी के अन्य कर्मचारी बोनस के पात्र होते हैं। यह बोनस हर साल दिया जाता है।




