Chhattisgarh

रायपुर में नशीली टेबलेट के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस ने 140 गोलियां की जब्त

रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से नशीली टेबलेट की बिक्री करने की तैयारी कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 140 नशीली गोलियां जब्त की हैं। मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल के निर्देश पर क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 7 मार्च 2026 को पुरानी बस्ती थाना पुलिस की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि भाठागांव स्थित दर्री तालाब के पास बरगद के पेड़ के पास एक व्यक्ति नशीली टेबलेट लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास एक पीले रंग के थैले में नशीली दवा नाइट्राजेपाम टैबलेट (नाइट्रोसन-10) की 14 स्ट्रिप मिली, जिसमें कुल 140 टेबलेट थीं। जब्त टेबलेट की कीमत लगभग 14 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी से बरामद दवाओं के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस दिया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नारायण सोनकर (28 वर्ष) पिता रोहित सोनकर, निवासी शीतला चौक भाठागांव, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ पुरानी बस्ती थाना में अपराध क्रमांक 114/2026 के तहत धारा 21(बी) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वह नशीली टेबलेट कहां से लाता था और किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button