Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा में बजरंगबली की मूर्ति तोड़ने वाला आरोपी गिरफ्तार, पूर्व पत्नी की मौत और बीमारी से था नाराज

जांजगीर-चांपा, 21 नवंबर 2026। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम नरियरा में बजरंगबली की मूर्ति तोड़ने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान छोटू निर्मलकर (28 वर्ष), निवासी नरियरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी शराब के नशे में था और अपनी पूर्व पत्नी की मृत्यु एवं खुद की शारीरिक बीमारी से परेशान होकर भगवान बजरंगबली को इन परिस्थितियों के लिए जिम्मेदार मानने लगा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए SP विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में मुलमुला पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की गई। जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह पहले भगवान बजरंगबली का भक्त था, लेकिन पूर्व पत्नी की मृत्यु और अपनी शारीरिक बीमारी के कारण मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। वह इन परिस्थितियों के लिए भगवान बजरंगबली को जिम्मेदार मानने लगा था। इसी नाराजगी में उसने शराब के नशे में 10 नवंबर 2026 को बजरंगबली की मूर्ति तोड़ने की घटना को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। इस कार्रवाई में मुलमुला TI निरीक्षक शिवानंद सिंह सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button