कोरबा पॉवर लिमिटेड का विस्तार: 16,611 करोड़ के निवेश से 5,500 से अधिक रोजगार सृजित होंगे

कोरबा, 26 फरवरी। Adani Group की कंपनी Korba Power Limited की प्रस्तावित विस्तार परियोजना से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है। परियोजना के तीसरे चरण के तहत 1600 मेगावाट क्षमता की नई इकाइयों की स्थापना के लिए 27 फरवरी को पर्यावरणीय स्वीकृति हेतु जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।
पूर्व में Lanco Amarkantak Power Limited का अधिग्रहण किए जाने के बाद संयंत्र का नाम कोरबा पॉवर लिमिटेड रखा गया। अधिग्रहण के पश्चात Adani Power Limited ने न केवल लंबित दूसरे चरण के कार्यों को गति दी, बल्कि तीसरे चरण के विस्तार की रूपरेखा भी तैयार की। कोरबा जिले के पताड़ी स्थित संयंत्र की वर्तमान उत्पादन क्षमता 600 मेगावाट है।
तीसरे चरण के अंतर्गत परिसर में 800-800 मेगावाट की दो नई इकाइयां (क्रमांक 4 एवं 5) स्थापित की जाएंगी। ये इकाइयां अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल तकनीक पर आधारित होंगी, जिससे उच्च दक्षता और अपेक्षाकृत कम उत्सर्जन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
भूमि की आवश्यकता नहीं, 16,611 करोड़ का प्रस्तावित निवेश कंपनी के अनुसार तीसरे चरण के लिए अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता नहीं होगी। संयंत्र के पास पहले से 505.58 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध है, जिसमें प्रस्तावित इकाइयों की स्थापना की जाएगी। इस विस्तार परियोजना की अनुमानित लागत 16,611 करोड़ रुपए बताई गई है।
परियोजना पूर्ण होने के बाद संयंत्र की कुल उत्पादन क्षमता बढ़कर 3,520 मेगावाट तक पहुंच जाएगी। निर्माण चरण में 230 स्थायी तथा 5,368 संविदा सहित कुल 5,598 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है। वहीं, संचालन चरण में 270 स्थायी एवं लगभग 2,000 संविदा कर्मियों को रोजगार उपलब्ध होगा।
कंपनी प्रबंधन का दावा है कि इस विस्तार से जिले और राज्य के राजस्व में वृद्धि होगी तथा स्थानीय स्तर पर व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके अतिरिक्त भविष्य में 1600 मेगावाट क्षमता की 6 एवं 7 नंबर इकाइयों की स्थापना की भी योजना पर विचार किया जा रहा है। परियोजना को लेकर स्थानीय स्तर पर जनसुनवाई के बाद पर्यावरणीय स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।




