Chhattisgarh

धमतरी पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान: 9 स्थानों पर 400 से अधिक लोगों को दी UPI और ऑनलाइन ठगी से बचने की जानकारी

धमतरी। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित “साइबर जागृति अभियान” के तहत धमतरी पुलिस ने 29 अगस्त 2026 को जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में व्यापक साइबर जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य नागरिकों को वित्तीय धोखाधड़ी, UPI फ्रॉड और ऑनलाइन साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने बैंक, उप-डाकघर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों, बैंक उपभोक्ताओं, ग्रामीणों और स्वास्थ्य कर्मियों को सुरक्षित डिजिटल लेनदेन के बारे में जानकारी दी। जिले में आयोजित 9 प्रमुख जागरूकता कार्यक्रमों में करीब 400 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया।

थाना कुरूद क्षेत्र के बैंक ऑफ बड़ौदा में निरीक्षक अवध राम साहू एवं पुलिस टीम ने बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए। इसी तरह थाना भखारा क्षेत्र में एसबीआई शाखा, थाना अर्जुनी क्षेत्र में सहकारी ग्रामीण बैंक तरसींवा एवं अर्जुनी, थाना रूद्री क्षेत्र में उप-डाकघर, थाना सिहावा एवं चौकी दुगली क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक दुगली शाखा, थाना बिरेझर क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक सिर्री तथा थाना मगरलोड क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

थाना केरेगांव क्षेत्र के भोथापारा मंच के पास भी पुलिस टीम ने ग्रामीणों के बीच साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। यहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया और ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

पुलिस टीमों ने लोगों को समझाया कि OTP, UPI PIN, ATM PIN, पासवर्ड और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। इसके अलावा अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करने और अज्ञात नंबरों से आने वाले संदिग्ध कॉल या मैसेज का जवाब देने से बचने की सलाह दी गई।

जागरूकता अभियान के दौरान नागरिकों को बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। पुलिस ने संचार साथी पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध साइबर सुरक्षा सुविधाओं की जानकारी भी दी।

धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि डिजिटल लेनदेन के दौरान विशेष सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज, लिंक या ऑनलाइन ऑफर के झांसे में न आएं। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा है।

धमतरी पुलिस की अपील है कि नागरिक सतर्क रहें और सुरक्षित रहें। OTP, UPI PIN और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें।

Related Articles

Back to top button