Chhattisgarh

बजट 2026-27 युवाओं के सपनों को साकार करने वाला बजट : अमन प्रताप सिंह

रायपुर, 24 फरवरी 2026। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अमन प्रताप सिंह ने राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए इसे युवाओं के सपनों को साकार करने वाला बजट बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रदेश के युवाओं के भविष्य को सुरक्षित और समृद्ध बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की है।

अमन प्रताप सिंह ने कहा कि बजट में सरकारी भर्तियों के लिए तय समय सीमा और पारदर्शी प्रक्रिया का प्रावधान युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण कदम है, जिससे उनमें भरोसा और आत्मविश्वास बढ़ेगा। उन्होंने कौशल विकास के लिए किए गए विशेष प्रावधान और नए आईटी हब स्थापित करने की घोषणा की सराहना करते हुए कहा कि इससे छत्तीसगढ़ का युवा तकनीकी क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा और रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

उन्होंने स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए स्टार्टअप्स को सब्सिडी और बिना ब्याज के ऋण सुविधा को भी सराहनीय बताया। उनके अनुसार इससे प्रदेश के युवा नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनेंगे। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाओं के विस्तार और जिला स्तर पर नई खेल अकादमियों की स्थापना से प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।

अमन प्रताप सिंह ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने वाला है और इससे प्रदेश के युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी। उन्होंने इस दूरदर्शी और समावेशी बजट के लिए मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इससे प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।

Related Articles

Back to top button