Chhattisgarh

रायपुर के रंग मंदिर में डागा कन्या महाविद्यालय का वार्षिकोत्सव संपन्न, विधायक अनुज शर्मा ने किया सम्मान

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित रंग मंदिर प्रेक्षागृह में श्रीमती प्रमिला गोकुलदास डागा कन्या महाविद्यालय का वार्षिकोत्सव उत्साह और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में धरसींवा विधायक अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात महाविद्यालय की छात्राओं ने छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति, शास्त्रीय नृत्य तथा समसामयिक विषयों पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन से पूरा प्रेक्षागृह तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने शिक्षा, खेलकूद और अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जब एक बेटी शिक्षित और हुनरमंद होती है तो वह केवल अपने परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की संस्कृति और मूल्यों को आगे बढ़ाती है। बेटियां आज हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं और अनुशासन व दृढ़ संकल्प के बल पर अपने सपनों को साकार कर सकती हैं।

उन्होंने कहा कि डागा महाविद्यालय का इतिहास महिला सशक्तिकरण का प्रतीक रहा है। वार्षिकोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि आत्मविश्वास निर्माण का मंच है, जो छात्राओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करता है। उन्होंने छात्राओं को निरंतर मेहनत और लगन से प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा विधायक अनुज शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य, शिक्षकगण, प्रबंध समिति के सदस्य, बड़ी संख्या में छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button