भारत–अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते के फ्रेमवर्क पर सहमति

0.पीएम मोदी बोले—‘मेक इन इंडिया’ को मिलेगा बल, रोजगार और निवेश के नए अवसर खुलेंगे
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक साझा फ्रेमवर्क पर सहमति बनने की जानकारी दी है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा संदेश में कहा कि यह फ्रेमवर्क दोनों देशों के बीच बढ़ते विश्वास, गहराती साझेदारी और आपसी सहयोग की गतिशीलता को दर्शाता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस पहल के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत–अमेरिका संबंधों को मज़बूत करने के प्रति उनकी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता सराहनीय है। उन्होंने कहा कि यह समझौता दोनों महान देशों के बीच दीर्घकालिक और मजबूत आर्थिक रिश्तों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रधानमंत्री के अनुसार, इस फ्रेमवर्क से भारत के मेहनती किसानों, उद्यमियों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs), स्टार्टअप इनोवेटर्स, मछुआरों सहित विभिन्न क्षेत्रों को नए अवसर प्राप्त होंगे। इससे ‘मेक इन इंडिया’ पहल को और मजबूती मिलेगी तथा घरेलू उत्पादन और निर्यात को प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह समझौता महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन का मार्ग प्रशस्त करेगा। साथ ही, भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच निवेश और प्रौद्योगिकी साझेदारी को और गहरा करने में सहायक सिद्ध होगा। दोनों देश नवाचार को बढ़ावा देने और अत्याधुनिक तकनीकों के आदान-प्रदान के लिए प्रतिबद्ध हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि यह फ्रेमवर्क लचीली और भरोसेमंद वैश्विक सप्लाई चेन को मजबूत करेगा, जिससे वैश्विक आर्थिक विकास को गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल न केवल दोनों देशों के लिए बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए भी सकारात्मक परिणाम लेकर आएगी।




