महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 247 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त, 7 आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद, 06 फरवरी। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बनसिवनी और कमार डेरा क्षेत्र में छापामार अभियान चलाया। 6 फरवरी 2026 की सुबह पुलिस ने दबे पांव की गई इस कार्रवाई में 247 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की, जबकि मौके पर मौजूद करीब 600 किलोग्राम महुआ लाहन को नष्ट किया गया, जिससे लगभग 1800 लीटर महुआ शराब तैयार की जा सकती थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर की सूचना पर थाना महासमुंद पुलिस की टीम ने तड़के करीब चार बजे ग्राम बनसिवनी स्थित कमार डेरा में रेड कार्रवाई की। छापे के दौरान अवैध रूप से महुआ शराब बनाने का काम चल रहा था। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब बरामद की और शराब निर्माण में प्रयुक्त गैस सिलेंडर, चूल्हा, बर्तन तथा अन्य सामग्री को भी जब्त किया।
इस कार्रवाई के दौरान 247 लीटर कच्ची महुआ शराब की अनुमानित कीमत लगभग 49 हजार 400 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 600 किलोग्राम महुआ लाहन की कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई, जबकि शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरणों की कीमत लगभग 35 हजार रुपये है। कुल मिलाकर जब्त सामग्री की कीमत लगभग 84 हजार 400 रुपये बताई गई है।
मामले में शामिल सात आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में चितेश्वर महेश्वरी, सुकलाल कंवर, कन्हैया बंजारे, राजेश मांडले, नेतराम कमार, पोखन टंडन और तोष कुमार शामिल हैं, जो सभी ग्राम बनसिवनी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।










