शहर में यातायात सुधार की पहल: सभी जोन में बनेंगे वेंडिंग जोन, बुधवारी बाजार में शुरू हुआ निर्माण कार्य

कोरबा। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, सड़क हादसों को कम करने और मुख्य मार्गों को अतिक्रमणमुक्त करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा सभी जोन में वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे। इस योजना की शुरुआत पिछले वर्ष कोसाबाड़ी क्षेत्र से की गई थी, जहां लगभग 19 लाख 65 हजार रुपए की लागत से वेंडिंग जोन बनाकर ठेले-गुमटी को व्यवस्थित रूप से शिफ्ट किया गया था।
अब इसी क्रम में बुधवारी बाजार क्षेत्र में नया वेंडिंग जोन बनाया जा रहा है। बाजार के पास स्थित पार्किंग स्थल में 50 से अधिक दुकानों के लिए स्थान तैयार किया गया है। दुकानों की शिफ्टिंग के बाद मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जाएगी, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रह सके।
वेंडिंग जोन योजना शुरू होने के बावजूद शहर के प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे ठेले-गुमटी और अस्थायी दुकानों की संख्या बढ़ती जा रही है। बुधवारी बाजार से घंटाघर होते हुए सुभाष चौक तक का इलाका ठेले-गुमटी और अस्थायी दुकानों के कारण अतिक्रमण जोन बन गया है। घंटाघर के चारों ओर अतिक्रमण की स्थिति बनी हुई है, वहीं फुटपाथों पर भी ठेले-गुमटी वालों का कब्जा है, जिससे पैदल चलने वालों को परेशानी हो रही है।
कोसाबाड़ी वेंडिंग जोन बनने के बाद करीब ढाई माह पहले फल-सब्जी, नाश्ता सहित अन्य दुकानों को वहां शिफ्ट किया गया था, लेकिन अब एक बार फिर सड़क किनारे फल-सब्जी और अन्य दुकानें लगने लगी हैं। निहारिका से घंटाघर तक सड़क किनारे लगने वाले चाय-नाश्ते के ठेलों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होने लगी है।
अतिक्रमण की समस्या को देखते हुए एक दशक पहले घंटाघर मैदान में अस्थायी चौपाटी बनाकर दुकानों को शिफ्ट किया गया था। इसके बाद स्मृति उद्यान के पीछे स्थायी चौपाटी बनाकर दुकानों को वहां स्थानांतरित किया गया, लेकिन इसके बावजूद पहले की तरह सड़क किनारे चाय-नाश्ता के ठेले लगने लगे हैं। सड़क किनारे अधिक बिक्री की चाह में अतिक्रमण की समस्या फिर से बढ़ गई है।
कोसाबाड़ी जोन अंतर्गत कोसाबाड़ी चौक के पास शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के सामने पार्किंग स्थल में पहले फल-सब्जी के ठेले लगाए जाते थे, बाद में वहां नाश्ता दुकानों का अतिक्रमण बढ़ गया। बार-बार हटाने के बावजूद छोटे कारोबारी दोबारा सड़क किनारे दुकान लगाने लगे। इसके बाद सर्वे कर वहां 20 से अधिक दुकानों का निर्माण कर वेंडिंग जोन विकसित किया गया।
अब बुधवारी बाजार में भी इसी तर्ज पर 50 से अधिक दुकानों का वेंडिंग जोन तैयार किया गया है, लेकिन कोसाबाड़ी की तरह मुफ्त में स्थायी दुकान मिलने की उम्मीद में लोग सड़क किनारे अतिक्रमण कर रहे हैं।
नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने बताया कि बुधवारी बाजार के पास पार्किंग स्थल में नया वेंडिंग जोन तैयार किया जा रहा है। दुकानों की शिफ्टिंग के बाद अतिक्रमण पर लगातार कार्रवाई की जाएगी। इससे शहर के मुख्य मार्ग अतिक्रमणमुक्त होंगे। छोटे कारोबारी पहले से ही चिन्हित किए जा चुके हैं।




