Chhattisgarh

38 वर्ष की गौरवपूर्ण सेवा के बाद डीएसपी साधना सिंह सेवानिवृत्त, रायगढ़ पुलिस कार्यालय में गरिमामय विदाई

रायगढ़, 31 जनवरी 2026। उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) साधना सिंह 38 वर्ष की दीर्घ, अनुशासित एवं सराहनीय सेवा के उपरांत पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हो गईं। इस अवसर पर पुलिस विभाग की परंपरा के अनुसार पुलिस अधीक्षक कार्यालय रायगढ़ में सेवा सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी और सम्मानजनक विदाई दी।

कार्यक्रम का संचालन डीएसपी सुशांत बनर्जी द्वारा किया गया। इस दौरान डीएसपी साधना सिंह के सेवाकाल का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया गया। बताया गया कि उन्होंने अविभाजित मध्यप्रदेश में जिला जगदलपुर से उप निरीक्षक पद पर अपनी पुलिस सेवा की शुरुआत की थी। इसके पश्चात उन्होंने सब इंस्पेक्टर एवं इंस्पेक्टर के रूप में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, कोरबा, मुंगेली और रायगढ़ जिलों के विभिन्न थानों में अपनी सेवाएं दीं।

वर्ष 2018 में निरीक्षक पद से पदोन्नत होकर साधना सिंह डीएसपी बनीं। पदोन्नति के पश्चात उनकी पदस्थापना मुंगेली जिले में रही, जहां उन्होंने जिम्मेदारीपूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। इसके बाद उन्होंने रायगढ़ जिले में योगदान दिया और बीते लगभग डेढ़ वर्ष से पुलिस मुख्यालय रायगढ़ में अपनी सेवाएं प्रदान कर रही थीं।

सेवा सम्मान कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने डीएसपी साधना सिंह को शॉल, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि साधना सिंह का 38 वर्षों का पुलिस करियर अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने ऐसे समय में पुलिस सेवा को चुना, जब यह क्षेत्र पुरुष प्रधान माना जाता था, बावजूद इसके उन्होंने हर चुनौती का दृढ़ता से सामना किया। कार्य और पारिवारिक जीवन के बीच उन्होंने जो संतुलन बनाए रखा, वह आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

एसएसपी ने डीएसपी साधना सिंह के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए पुलिस विभाग को दी गई उनकी सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया।

इस गरिमामय अवसर पर डीएसपी साधना सिंह के परिजन, शहर के गणमान्य नागरिकों सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी, अनिल कुमार विश्वकर्मा, सीएसपी मयंक मिश्रा, डीएसपी सुशांत बनर्जी, प्रोबेशनरी डीएसपी अजय नागवंशी, आरआई अमित सिंह तथा पुलिस कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button