Chhattisgarh

धान खरीदी की मांग पर कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, 28 जनवरी को एसडीएम कार्यालय का होगा घेराव

जांजगीर। धान खरीदी को लेकर किसानों की समस्याओं के विरोध में कांग्रेस अब सड़क पर उतरने जा रही है। जिला कांग्रेस कमेटी जांजगीर-चांपा के निर्देश पर नगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जांजगीर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जांजगीर ग्रामीण एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवागढ़ के नेतृत्व में किसानों के साथ मिलकर 28 जनवरी को एसडीएम कार्यालय जांजगीर का घेराव किया जाएगा।

इस संबंध में जानकारी देते हुए नगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जांजगीर के अध्यक्ष रामबिलास राठौर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जांजगीर (ग्रामीण) के अध्यक्ष विजय प्रकाश तिवारी एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवागढ़ के अध्यक्ष योगेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि राज्य की विष्णुदेव साय सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण वर्ष 2026 की खरीफ फसल की धान खरीदी के लिए किसानों को अब तक टोकन नहीं दिया जा रहा है। इससे जिले के किसान भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की उदासीनता और कुशासन के चलते किसान अपने ही उत्पाद को बेचने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। इसी के विरोध में जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय का घेराव कर प्रशासन का ध्यान किसानों की समस्याओं की ओर आकर्षित किया जाएगा।

घेराव कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी जांजगीर के जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, पूर्व सांसद, विधायक प्रत्याशी, निगम, आयोग, मंडल एवं बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष, जिला एवं जनपद पंचायत के वर्तमान व पूर्व सदस्य, मंडल अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके अलावा नगर पंचायत के वर्तमान एवं पूर्व अध्यक्ष, पार्षद, पार्षद प्रत्याशी, पूर्व एल्डरमेन, कांग्रेस समर्थक, सरपंच, पंच, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किसान भी मौजूद रहेंगे।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जांजगीर (ग्रामीण) के अध्यक्ष विजय प्रकाश तिवारी (बबला महाराज) और नगर ब्लॉक अध्यक्ष रामबिलास राठौर ने क्षेत्र के सभी किसानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आंदोलन को सफल बनाएं और अपनी धान खरीदी की मांग को मजबूती से रखें। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब तक किसानों को उनका हक नहीं मिलेगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button