इंडस पब्लिक स्कूल दीपका के प्राचार्य डॉ. संजय गुप्ता को मिलेगा ‘बेस्ट स्कूल प्रिंसिपल ऑफ द ईयर 2026’ अवार्ड

नई दिल्ली। शिक्षा के क्षेत्र में लगभग पाँच दशकों से निरंतर सेवा और उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए डॉ. संजय गुप्ता, प्राचार्य Indus Public School, को वर्ष 2026 के ‘बेस्ट स्कूल प्रिंसिपल ऑफ द ईयर अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें 1 फरवरी 2026 को नई दिल्ली स्थित Holiday Inn में आयोजित एक भव्य एवं गरिमामयी समारोह में प्रदान किया जाएगा।
गौरतलब है कि विगत 48 वर्षों से शिक्षा जगत में सक्रिय डॉ. संजय गुप्ता ने अपना संपूर्ण जीवन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, विद्यालयी अनुशासन, शैक्षणिक गुणवत्ता और कुशल प्रशासन को समर्पित किया है। उनके मार्गदर्शन में विद्यालय ने निरंतर प्रगति करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में एक सशक्त पहचान स्थापित की है। शिक्षा को समाज-निर्माण का प्रभावी माध्यम मानते हुए उन्होंने सदैव नवाचार, नैतिक मूल्यों और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा दिया है।
इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए देशभर से चयनित 150 शिक्षाविदों में डॉ. संजय गुप्ता का नाम शामिल होना इंडस पब्लिक स्कूल परिवार तथा पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत गर्व की बात है। चयन समिति द्वारा कई चरणों में शिक्षा, प्रबंधन, सामाजिक योगदान एवं संस्थागत विकास के विभिन्न मापदंडों पर मूल्यांकन के उपरांत उन्हें इस सम्मान के योग्य पाया गया।
नई दिल्ली में आयोजित इस समारोह में देश के ख्यातिलब्ध शिक्षाविदों, सामाजिक नेताओं, प्रोफेशनल्स एवं इनोवेटर्स की उपस्थिति रहेगी। इन्हीं विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी मौजूदगी में डॉ. संजय गुप्ता को ‘बेस्ट स्कूल प्रिंसिपल ऑफ द ईयर 2026’ अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए डॉ. संजय गुप्ता ने कहा कि उनका जीवन लक्ष्य अंतिम सांस तक शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करना है। उन्होंने कहा कि विद्यालय संचालन और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण की प्रक्रिया चुनौतीपूर्ण अवश्य है, लेकिन वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ इस दायित्व का निर्वहन करते रहेंगे। सीखना, सिखाना और विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना ही उनका उद्देश्य है।
डॉ. संजय गुप्ता के चयन पर इंडस पब्लिक स्कूल परिवार, शिक्षकगण, कर्मचारी, अभिभावक एवं विद्यार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे संस्थान के लिए सम्मान और प्रेरणा का विषय बताया है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी डॉ. संजय गुप्ता को शिक्षा एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।




