एससीईआरटी रायपुर के निर्देश पर डाइट जांजगीर में हिंदी से छत्तीसगढ़ी में अभ्यास प्रश्नों का भावानुवाद

जांजगीर चांपा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) रायपुर के निर्देशानुसार आगामी शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए कक्षा प्रथम एवं द्वितीय की द्विभाषी पाठ्यपुस्तकों में सम्मिलित संश्लेषणात्मक एवं विश्लेषणात्मक अभ्यास प्रश्नों का हिंदी से छत्तीसगढ़ी भाषा में भावानुवाद का कार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), जांजगीर में प्रारंभ किया गया है।
यह कार्य 15 दिसंबर 2025 से 19 दिसंबर 2025 तक डाइट जांजगीर में संपन्न किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मातृभाषा में गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है, जिससे सीखने की प्रक्रिया अधिक सरल, प्रभावी एवं रुचिकर बन सके।
डाइट जांजगीर के प्राचार्य श्री बी. पी. साहू के मार्गदर्शन में तथा उपप्राचार्य श्री एल. पी. पाण्डे के समन्वय से यह शैक्षणिक कार्य संचालित हो रहा है। इसमें बिलासपुर एवं सरगुजा संभाग के चयनित भाषाविदों, शिक्षकों एवं साहित्यकारों की टीम द्वारा द्विभाषी पाठ्यपुस्तकों के अभ्यास प्रश्नों का भावानुवाद किया जा रहा है।
कार्य में सहभागी प्रमुख सदस्यों में संजय शर्मा, नेहरूलाल प्रधान, सेवा निवृत्त डीएमसी एवं साहित्यकार संतोष कश्यप, रोशन कुमार दुबे (रतनपुर), दीपक कुमार यादव (व्याख्याता, शासकीय उमावि मड़वा), अनुभव तिवारी (सीएससी देव किरारी), श्रीमती गायत्री साहू, शुकदेव कश्यप, नम्रता अनंत एवं संतोष कुमार पटेल शामिल हैं। सभी विशेषज्ञ अभ्यास प्रश्नों की भाषा, भाव और शैक्षिक उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए गहन अध्ययन एवं विमर्श के साथ कार्य कर रहे हैं।




