Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा पुलिस की सख्त कार्यवाही : दीपावली से पहले ओवरब्रिज पर यातायात बाधित करने वालों पर गिरी गाज

जांजगीर-चांपा, 11 अक्टूबर 2025। दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अकलतरा ओवरब्रिज पर जानबूझकर वाहन खड़ा कर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले चालकों के विरुद्ध पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। दीपावली त्यौहार के दौरान आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि मुख्य मार्गों पर किसी भी प्रकार की यातायात बाधा न हो।

अकलतरा शास्त्री चौक ओवरब्रिज, जो कि एक सिंगल रोड है, पर लगातार वाहन खड़े किए जाने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। नागरिकों की शिकायतों और अपील के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पाया कि वाहन चालक जानते-बूझते हुए भी ब्रिज पर वाहन खड़ा कर रहे थे, जिससे आम राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

पुलिस ने इसे भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285 के अंतर्गत अपराध मानते हुए सात वाहनों को जब्त किया है। इनमें शामिल वाहन हैं —
CG 11BR 5233, CG 10NB1057, CG 13C1327, CG 11AZ9099, CG 10BK9973, CG 11BE8923, और CG 10BL2813।
सभी चालकों के खिलाफ थाना अकलतरा में अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस विभाग का कहना है कि दीपावली पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके और नागरिकों को सुरक्षित यात्रा का वातावरण मिल सके।

यातायात पुलिस की अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें। पुलिस ने निम्नलिखित सावधानियों का पालन करने का आग्रह किया है —

  • शराब के नशे में वाहन न चलाएं।
  • तेज गति से वाहन न चलाएं।
  • हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाएं।
  • ट्रिपल सवारी न करें।
  • मालवाहक वाहनों में सवारी न बैठाएं।
  • रात्रि यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतें।
  • नींद या नशे की अवस्था में वाहन चलाने से बचें।
  • नाबालिगों को वाहन न चलाने दें।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी ताकि जिले में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Back to top button