हरेली पर्व पर होगा गेड़ी दौड़ व नारियल फेंक प्रतियोगिता का आयोजन

भाजपा शहर मण्डल कवर्धा ने पूरी कर ली तैयारी
कवर्धा । भाजपा शहर मंडल कवर्धा द्वारा छत्तीसगढ़ के पारंपरिक और वैज्ञानिक त्योहार हरेली के अवसर पर पहली बार कवर्धा में गेड़ी दौड़ प्रतियोगिता और नारियल फेंक प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 4 अगस्त, रविवार को भारत माता चौक और अंबेडकर चौक में दोपहर 2 बजे से आयोजित होगा।
भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि हरेली पर्व छत्तीसगढ़ की संस्कृति का एक अनूठा पर्व है, जिसमें शौर्य और साहस के साथ पारंपरिक मान्यताओं का निर्वहन होता है। इस पर्व को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से भाजपा शहर मंडल ने यह आयोजन किया है।
इस अद्भुत और पारंपरिक प्रतियोगिता में कवर्धा के सभी युवाओं को आमंत्रित किया गया है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए आकर्षक नगद पुरस्कार रखे गए हैं:
गेड़ी दौड़ प्रतियोगिता:
प्रथम पुरस्कार: ₹3000
द्वितीय पुरस्कार: ₹2000
तृतीय पुरस्कार: ₹1000
नारियल फेंक प्रतियोगिता:
प्रथम पुरस्कार: ₹3000
द्वितीय पुरस्कार: ₹2000
तृतीय पुरस्कार: ₹1000
हरेली पर्व की विशेषता
चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि हरेली पर्व पर हर घर में नीम की टहनियों को लगाया जाता है ताकि घरों में संक्रमण न फैले। इस दिन छत्तीसगढ़ में त्योहारों की शुरुआत होती है और घरों के कृषि औजारों की पूजा की जाती है। यह सनातन संस्कृति का अद्भुत रूप है, जिसमें निर्जीव वस्तुओं को भी भगवान के रूप में पूजा जाता है।
कार्यक्रम की तैयारी
भाजपा शहर मंडल ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच कार्य का विभाजन कर जिम्मेदारी दी है। इस पहल का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की महान संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाना है, जिसे भाजपा का संकल्प माना गया है।
कवर्धा के युवाओं और नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस अद्भुत प्रतियोगिता में भाग लेकर अपने साहस और शौर्य का प्रदर्शन करें और छत्तीसगढ़ की संस्कृति को आगे बढ़ाएं।
