धमतरी में 131.668 किलो गांजा के साथ महाराष्ट्र के 5 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 72.45 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

धमतरी, 15 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन निश्चय के तहत सायबर थाना और अर्जुनी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 131.668 किलोग्राम गांजा के साथ महाराष्ट्र के पांच अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, दो कार और पांच मोबाइल फोन सहित कुल 72 लाख 45 हजार 400 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
SP भावना पांडेय के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 15 नवंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के जयपुर क्षेत्र से चारामा होते हुए महाराष्ट्र की ओर जा रही टाटा नैनो और स्विफ्ट डिजायर कार में गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने धमतरी के श्यामतराई नाका पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्ध वाहनों को रोक लिया।
वाहनों की तलाशी लेने पर पुलिस को कुल 131.668 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों कारों और पांच मोबाइल फोन सहित गांजा जब्त कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदन उर्फ सचिन कैलाश ईगेडे (27), रामेश्वर सालिक राम दांडगे (31), राबिनसन लॉरेंस फर्नांडिस (32), लखन गुलाब बेलदार (34) और गणेश विजय पाटिल (29) के रूप में हुई है। सभी आरोपी महाराष्ट्र के बुलढाना और जलगांव जिले के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार जब्त 131.668 किलोग्राम गांजे की अनुमानित कीमत 65 लाख 83 हजार 400 रुपये है। इसके अलावा टाटा नैनो कार की कीमत 50 हजार रुपये, स्विफ्ट डिजायर की कीमत 5 लाख रुपये और पांच मोबाइल फोन की कीमत 1 लाख 12 हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल 72 लाख 45 हजार 400 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गांजे के वास्तविक स्रोत, तस्करी के नेटवर्क, परिवहन मार्ग और संभावित खरीदारों के संबंध में जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।




