अग्निवीर बनकर आप सभी को देश सेवा करने का गौरव प्राप्त हुआ है : कलेक्टर

कवर्धा। कलेक्टर महोबे ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में भारतीय थलसेना द्वारा अग्निवीर भर्ती में चयनित जिले के युवाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। भारतीय थलसेना द्वारा अग्निवीर में जिले के 14 युवा देश की सेवा करेंगे। कलेक्टर महोबे ने कहा कि अग्निवीर बनकर आप सभी को देश सेवा करने का गौरव प्राप्त हुआ है। इससे कबीरधाम जिला गौरान्वित हुआ है। उन्होंने कहा कि अग्निवीर में भर्ती युवा जिले के लिए प्रेरणा है।

कलेक्टर जनमेजय महोबे ने कहा कि देश की रक्षा में योगदान देना गर्व का विषय है। इसमें सभी अपना श्रेष्ठ दे और आगे बढने के लिए प्रयास करें। उन्होंने कहा कि अग्निवीर अन्य युवओं के लिए प्रेरणा है इससे बाकि युवा देश की सेवा के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने कहा कि देश सेवा करने के बहुत सारे अवसर होते हैं। इनमें से सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना और सुरक्षा के साथ मजबूत बनाना भी है। उन्होंने कहा कि जिले से 14 युवाओं का चयन होना गौरव की बात है। इससे गांव सहित जिला और देश का नाम रोशन हुआ है। अग्निवीर बनने के बाद आपको अपनी मेहनत का फल मिला है। अग्निवीर बनकर देश की सेवा करने से आपका आत्मविश्वास बढेगा।

जिला रोजगार अधिकारी प्रमोद जैन ने बताया कि जिले के 14 युवाओं का चयन अग्निवीर में हुआ है। इसमें ग्राम दशरंगपुर निवासी राजू साहू, अमलीडीह निवासी तोरण सिंह, दशरंगपुर खुर्द के देवेन्द्र कुमार, ग्राम धमकी निवासी जय सिंह ठाकुर, नवागांव गजरी निवासी विक्रम, चिमरा निवासी दीपचंद साहू, खैरवार निवासी करण निर्मलकर, कुआंमालगी निवासी कमलेश्वर, नाउडीह निवासी अजय कुमार, नेउरगांव खुर्द निवासी विकास कुमार, राजानवागांव निवासी हिमाशु मानिकपुरी, अमलीडीह निवासी हितेश सिंह, धरमपुरा निवासी टाप सिंह का चयन अग्निवीर में हुआ है।

अग्निवीर में चयनित युवाओं ने बताया कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के विशेष प्रयास से प्रशिक्षण के लिए 17 बटालियन से कोच सहित अन्य व्यवस्था प्रदान किया गया था। जिन्होंने हमे अग्निवीर के लिए प्रशिक्षण दिया और इसी का परिणाम रहा की हम अग्निवीर भर्ती में चयनित हुए है। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए बहुत ही गर्व की बात है। इससे हमे देश सेवा करने का सौभाग्य मिलेगा। अग्निवीर भर्ती के लिए उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार प्रकट किया है। युवाओं ने बताया कि चयन होने के बाद सभी को प्रशिक्षण के लिए अलग-अलग रेजीमेंट दिया गया है। जहां 6 माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि 15 दिसम्बर से 23 दिसम्बर तक सीईई परीक्षा उत्तीर्ण युवाओं का शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई थी। उक्त परीक्षा में इस जिले से 14 युवा सफल हुए है एवं अग्निवीर थलसेना में अंतिम रूप से चयनित हुए है। इस अवसर पर जिला रोजगार अधिकारी प्रमोद जैन, सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।